कोरबा के सीतामढ़ी में नहर में कूदे सतीश रजक का तीन दिन बाद भी पता नहीं चल सका

Chhattisgarh Crimesकोरबा के सीतामढ़ी में नहर में कूदे सतीश रजक का तीन दिन बाद भी पता नहीं चल सका है। गोताखोरों की टीम लगातार उसकी तलाश कर रही है, लेकिन नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी आ रही है। युवक के नहीं मिलने से परेशान परिजन और बस्ती के लोग गुरुवार सुबह कोतवाली थाना पहुंचे और युवक की तलाश तेज करने की मांग की।

सतीश रजक हमाली का काम करता है। उसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र 11 साल और 3 साल है। परिजनों के मुताबिक, तीन दिन पहले दोपहर करीब 3 बजे सतीश ने बच्चों को खाना खिलाया और खुद भी खाना खाया। इसके बाद वह घर के पास स्थित नहर की तरफ एक व्यक्ति के साथ गया था। इसी दौरान वह सीतामणी बसोड़ मोहल्ले के सामने से गुजर रही नहर में कूद गया।

साथ गए व्यक्ति ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर डायल 112 और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जिला नगर सेना की गोताखोर टीम को बुलाकर तलाश शुरू कराई।

तीन दिन से तलाश, अब तक नहीं मिला सुराग

नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण गोताखोरों को युवक की तलाश करने में काफी दिक्कत हो रही है। तीन दिनों से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन अब तक सतीश का कोई सुराग नहीं मिला है। इससे परिवार के लोग परेशान हैं।

परिजनों और बस्ती के लोगों ने मांग की है कि नहर में पानी का स्तर कम कराया जाए। साथ ही नहर किनारे बसे गांवों में मुनादी कराई जाए, ताकि लोगों को युवक के बारे में जानकारी मिल सके और उसकी तलाश में मदद मिल सके।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

इस मामले में सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सतीश रजक के नहर में कूदने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मामले में गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज की गई है। साथ ही भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 143 के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। गोताखोरों और अन्य माध्यमों से युवक की तलाश लगातार जारी है।

सीएसपी ने लोगों से अपील की है कि वे नहर के पास नहाने न जाएं। फिलहाल नहर में पानी का बहाव तेज है, ऐसे में हादसा होने का खतरा बना हुआ है।

Exit mobile version