कोरबा में गर्मी शुरू होने से पहले जल संरक्षण और सुचारु जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम ने मिशन वरुण के तहत जांच अभियान तेज कर दिया

Chhattisgarh Crimesकोरबा में गर्मी शुरू होने से पहले जल संरक्षण और सुचारु जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम ने मिशन वरुण के तहत जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में निगम की टीम ने तुलसीनगर में कार्रवाई करते हुए 6 टुल्लू पंप जब्त किए हैं। निगम का कहना है कि अवैध रूप से मोटर पंप लगाकर पानी खींचने से पाइपलाइन में जल आपूर्ति का दबाव कम हो जाता है। इससे कई घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता।

नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे ने बताया कि नोडल जल प्रभारी राकेश मौर्य के नेतृत्व में शहर में अवैध जल कनेक्शन और टुल्लू पंप के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अलग-अलग वार्डों में जांच कर अवैध रूप से लगाए गए मोटर पंप हटाए जा रहे हैं।

आयुक्त के मुताबिक, टुल्लू पंप से पानी खींचने के कारण जल आपूर्ति का दबाव प्रभावित होता है। इसका असर दूसरे घरों और वार्डों तक होने वाली आपूर्ति पर भी पड़ता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध रूप से टुल्लू पंप लगाकर पानी खींचते पाए जाने पर पंप जब्त किए जाएंगे। यह कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी।

पानी की समस्या होने पर निगम से करें संपर्क

आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि निगम के जल कनेक्शन में अवैध रूप से टुल्लू पंप न लगाएं। यदि किसी घर में पानी का दबाव कम है या जल आपूर्ति से जुड़ी समस्या हो रही है, तो जल प्रबंधन टीम या निगम की हेल्पलाइन से संपर्क करें।

एसईसीएल की एसबीएस कॉलोनी में भी शिकायतें

इनपुट के मुताबिक, एसईसीएल की एसबीएस कॉलोनी में भी कुछ लोगों ने घरों में मोटर पंप लगा रखे हैं। इससे आसपास के कई घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने की शिकायत है। बताया गया है कि शिकायतों के बावजूद वहां स्थिति में बदलाव नहीं आया है। ऐसे में निगम के अभियान के तहत इस क्षेत्र में भी जांच और कार्रवाई की जरूरत सामने आ रही है।

Exit mobile version