बालोद जिले में नशे के कारोबार और अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesबालोद जिले में नशे के कारोबार और अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 6.40 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और एक देशी पिस्टल बरामद हुई है। पुलिस ने टाटा हेक्सा कार समेत कुल 11.83 लाख रुपए का सामान जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, बालोद जिले में पहली बार हेरोइन के साथ देशी पिस्टल की बरामदगी हुई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दल्लीराजहरा के वार्ड क्रमांक 21 स्थित रेलवे कॉलोनी निवासी लीनेश बंसोड़ उर्फ बाड़ू (25) के रूप में हुई है। बालोद एसडीओपी विनय कुमार साहू ने बताया कि आरोपी आदतन बदमाश प्रवृत्ति का है। वह बालोद शहर के नया बस स्टैंड में अपनी कार में बैठकर फोन पर स्थानीय संपर्कों से बात कर रहा था। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा के मुताबिक, बुधवार आधी रात को कार की तलाशी ली गई। इस दौरान डैशबोर्ड के अंदर पारदर्शी झिल्ली में रखा हेरोइन (चिट्टा) और एक देशी पिस्टल मिली। नियमानुसार परीक्षण और तौल करने पर हेरोइन का वजन करीब 6.40 ग्राम पाया गया, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 28 हजार रुपए आंकी गई है।

आरोपी पिस्टल के वैध दस्तावेज भी पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने हथियार और कार को जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गुरुवार शाम उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

दो दिनों से बालोद में सक्रिय होने की मिल रही थी सूचना

पुलिस के अनुसार, लीनेश बंसोड़ उर्फ बाड़ू को पिछले दो दिनों से बालोद में देखे जाने की सूचना मिल रही थी। वह शहर के कई लोगों के संपर्क में भी था। इसके बाद पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और मौका मिलते ही घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

शहर के 6 संदिग्धों पर ANTF की नजर

पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने शहर के 6 संदिग्धों को चिह्नित किया है। पुलिस के मुताबिक, इन लोगों का राजस्थान आना-जाना रहा है। पिछले एक साल से बालोद शहर में चिट्टा की सप्लाई होने की सूचनाएं मिल रही थीं। पुलिस ने कई बार कार्रवाई के लिए दबिश दी, लेकिन आरोपी बच निकलते थे।

इस बार भी पुलिस अन्य सप्लायर और नशे का सेवन करने वालों तक पहुंचने की कोशिश कर रही थी, लेकिन कार्रवाई के दौरान एक ही आरोपी पकड़ में आया। पुलिस का कहना है कि बाकी संदिग्ध फरार हो गए। उनकी तलाश और संभावित नेटवर्क की जांच की जा रही है।