रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र के डंगनिया में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब डेढ़ लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण, 6 घड़ियां और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में से 2 पहले भी चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक, डंगनिया निवासी स्वरोचिष मिश्रा 22 अक्टूबर की रात घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। 23 अक्टूबर की सुबह लौटे तो घर के दरवाजों के ताले टूटे मिले। अंदर कमरों का सामान बिखरा हुआ था। अलमारी का दरवाजा और लॉकर भी टूटा हुआ था। लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब थी।
शिकायत पर डीडी नगर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत केस दर्ज किया गया।
पुराने चोरों की गतिविधियों पर रखी नजर
चोरी की जांच के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके साथ ही पहले चोरी और नकबजनी के मामलों में शामिल रहे आरोपियों और हाल ही में जेल से छूटे लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी गई।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि टिकरापारा के मोतीनगर निवासी यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी को कुछ लोगों के साथ देर रात घटनास्थल के आसपास संदिग्ध हालत में देखा गया था। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, यशवंत ने अपने साथी शेख मोसिन उर्फ अल्ताफ और परमेश्वर निर्मलकर उर्फ बाबा के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
बाइक समेत डेढ़ लाख का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, 6 घड़ियां और वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक (CG 07 LU 4432) जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने सभी को क्रोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया है।