
मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, बोईरदादर निवासी विवेक पाण्डेय ने 8 मई को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि राज ट्रांसपोर्ट, ढिमरापुर रायगढ़ में कोयला परिवहन का काम किया जाता है।
जनवरी में जामपाली कोयला खदान से आरसमेटा प्लांट अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा तक कोयला पहुंचाने का सौदा तय हुआ था। इसके लिए ट्रक चालक लल्लन कुमार प्रसाद (57), निवासी अमरथा, थाना काराकाट, जिला रोहतास (बिहार) से 700 रुपए प्रति टन की दर तय की गई थी।
इसके बाद उसी शाम ट्रक में जी-10 ग्रेड का 24.620 मीट्रिक टन कोयला लोड कर अकलतरा प्लांट के लिए रवाना किया गया। अगले दिन तक ट्रक गंतव्य तक नहीं पहुंचा। चालक से संपर्क करने पर उसने पहले फोन नहीं उठाया। करीब 10 दिन बाद फोन रिसीव कर कोयला दूसरी जगह बेचने की बात कही और जो करना है कर लेने की धमकी दी।
1.50 लाख रुपए के कोयले की धोखाधड़ी
चालक ने करीब 1.50 लाख रुपए कीमत का कोयला बेचकर धोखाधड़ी की। इस पर पुलिस ने अमानत में खयानत की रिपोर्ट पर धारा 318(4), 316(3) BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज किए। आरोपी के मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी तलाश की गई।
रोहतास में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
आरोपी के बिहार के रोहतास जिले स्थित गांव में होने की जानकारी मिलने पर एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम बिहार रवाना हुई। टीम ने घेराबंदी कर आरोपी लल्लन कुमार को हिरासत में लिया।
इसके बाद आरोपी को अपर अनुमंडल मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, प्रथम श्रेणी, विक्रमगंज, जिला रोहतास (बिहार) के सामने पेश किया गया। वहां से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उसे रायगढ़ लाया गया।
ईंट भट्ठा संचालकों को बेचा कोयला, 10 लाख का ट्रक जब्त
पूछताछ में आरोपी ने कोयले को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में ईंट बनाने वालों को बेचना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 10 लाख रुपए कीमत का ट्रक जब्त किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
SSP बोले- आर्थिक अपराध करने वालों पर होगी कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि आर्थिक अपराध, धोखाधड़ी और अमानत में खयानत करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। अपराध करने के बाद दूसरे राज्यों में छिपने वाले आरोपियों की भी पुलिस लगातार तलाश कर कार्रवाई करेगी।