सरगुजा के लखनपुर थाना क्षेत्र के रजपुरीकला गांव में मंगलवार सुबह एक युवक का शव घर के बाहर आंगन में मिला

Chhattisgarh Crimesसरगुजा के लखनपुर थाना क्षेत्र के रजपुरीकला गांव में मंगलवार सुबह एक युवक का शव घर के बाहर आंगन में मिला। मृतक की पहचान टिकरापारा निवासी अंगद चौधरी (40) के रूप में हुई है। उसके सिर और गले पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। घर के अंदर से लेकर आंगन तक खून के निशान पाए गए हैं। पुलिस पहली नजर में हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, अंगद की पत्नी कुछ महीने पहले मायके चली गई थी। इसके बाद से वह घर में अकेला रह रहा था। सोमवार रात करीब 10 बजे परिजनों और ग्रामीणों ने उसे घर की ओर जाते देखा था। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने घर के बाहर आंगन में उसका खून से लथपथ शव देखा और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर लखनपुर थाना प्रभारी संपत पोटाई पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के लिए फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस को घर के अंदर टूटी हुई कुर्सी और फर्श पर खून के निशान मिले हैं। मृतक के सिर और गले पर भी गंभीर चोटें पाई गई हैं।

मौके की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि घर के अंदर संघर्ष हुआ था। इसके बाद अंगद पर हमला किया गया और वह बचने के लिए बाहर आंगन की ओर भागा होगा। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता जांच के बाद ही चलेगा।

रात 10 बजे के बाद वारदात की आशंका

मृतक के अन्य परिजन गांव में कुछ दूरी पर दूसरे घर में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि सोमवार रात करीब 10 बजे अंगद को घर की ओर जाते देखा गया था। ऐसे में आशंका है कि वारदात रात 10 बजे के बाद हुई।

पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। फॉरेंसिक टीम सबूत जुटा रही है। फिलहाल हत्या के कारण और आरोपियों के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

Exit mobile version