
विवाद के दौरान शाम करीब 5 बजे आरोपी ने बच्चे को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की। इस पर पड़ोस में रहने वाली रूबी प्रिया मानिकपुरी ने बच्चे को अपने घर ले जाकर सुरक्षित रखा। बाद में प्रिया शिकायत दर्ज कराने पंडरी थाने पहुंची। इसी दौरान शाम करीब 6 बजे लाकेश वहां पहुंचा और एक साल के बेटे के साथ पत्नी का मोबाइल फोन भी लेकर चला गया।
मां ने बच्चे को वापस देने की मांग की, लेकिन वह तैयार नहीं हुआ। बच्चे के बारे में भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। इसके बाद मां ने पुलिस से मदद मांगी। बच्चे की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की।
ढाई घंटे में मिला बच्चा, थाने में मनाया जन्मदिन
डीसीपी नॉर्थ दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन में एडीसीपी आदित्य पांडेय और एसीपी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक परेश पांडेय की टीम ने तलाश शुरू की। पुलिस ने करीब ढाई घंटे में बच्चे को सकुशल बरामद कर मां के सुपुर्द कर दिया।
इस पूरे मामले का भावुक पहलू यह रहा कि जिस दिन बच्चा मां से बिछड़ा, उसी दिन उसका पहला जन्मदिन भी था। बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद पुलिसकर्मियों ने पंडरी थाने में केक काटकर उसका जन्मदिन मनाया। पुलिसकर्मियों ने बच्चे के साथ खुशियां साझा कीं और मां को भी इस मुश्किल दिन के बाद एक यादगार पल दिया।
प्रिया की शिकायत पर पुलिस ने लाकेश सिंह बंजारे (28), निवासी बगदेही पारा, तर्री रोड, गोबरा नवापारा के खिलाफ अपराध क्रमांक 380/2026 दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 296 और 115(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है।