छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में बिजली विभाग के कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट के साथ शराब की बोतलें देने का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में बिजली विभाग के कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट के साथ शराब की बोतलें देने का मामला सामने आया है। कांग्रेस ने इसका वीडियो बनाया और थाने में शिकायत की, जिसके मुताबिक, धनतेरस के दिन अधिकारियों और कर्मचारियों को मिठाई के डिब्बों की जगह शराब की बोतलें बांटी गईं।

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शराब की बोतलों को जांच के लिए जब्त कर लिया। पुलिस कार्यपालन अभियंता (EE) को पूछताछ के लिए कोतवाली थाना भी लेकर गई थी। घटना के बाद विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी बड़ी संख्या में थाने पहुंचे।

हालांकि, कार्यपालन अभियंता ने इस मामले में अपनी जानकारी नहीं होने की बात कही। उन्होंने आरोपों से भी इनकार किया।

कांग्रेस ने कार्यालय में शराब की बोतलें मिलने का वीडियो बनाया

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कांकेर ग्रामीण के अध्यक्ष ब्लोमेंद्र यादव ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि बिजली विभाग में दीपावली के उपहार के नाम पर शराब बांटी जा रही है। इसकी जानकारी मिलने पर वे विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंचे और वहां का वीडियो बनाया।

यादव का आरोप है कि ऑफिस में एक ही तरह के पैकेट में शराब की बोतलें रखी जा रही थीं। महिला कर्मचारियों की मौजूदगी में कार्यालयीन समय के दौरान कई कर्मचारियों की टेबल के ऊपर और नीचे शराब की बोतलें रखी हुई थीं। उन्होंने इस संबंध में कार्यपालन अभियंता से भी सवाल किया, लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।

Exit mobile version