छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में स्थित नगरनार NMDC स्टील प्लांट में बड़ा हादसा हो गया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में स्थित नगरनार NMDC स्टील प्लांट में बड़ा हादसा हो गया। प्लांट में काम करने के दौरान ऑपरेटर गर्म पिघले हुए लोहे (हॉट मेटल) की चपेट में आ गया।

इस दौरान उसके साथी कर्मचारी भी मौके पर मौजूद थे, लेकिन कोई उसे नहीं बचा पाया। चंद सेकंड में ऑपरेटर की मौत हो गई। मृतक की पहचान मंगल साय (31) के रूप में हुई है। वह बस्तर के देवड़ा गांव का रहने वाला था। घटना नगरनार थाना क्षेत्र की है।

अब जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, प्लांट में मंगलवार दोपहर लोहे को गलाने का काम चल रहा था। इसी दौरान ऑपरेटर मंगल साय गर्म पिघले हुए लोहे की चपेट में आ गया। लोहे का तापमान इतना ज्यादा था कि वह बुरी तरह जल गया।

हादसा कैसे हुआ इसकी जानकारी नहीं

हादसे के बाद प्लांट के दूसरे कर्मचारी भी मौक पर पहुंचे। हालंकि, मेटल के थोड़ा ठंडा होने के बाद जली हुई बॉडी को निकाला गया। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ है और ऑपरेटर गर्म मेटल की चपेट में कैसे आया, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

इस मामले को लेकर NMDC प्रबंधन की तरफ से भी कोई बयान अब तक सामने नहीं आया है। नगरनार थाना प्रभारी विकेश तिवारी ने बताया कि प्लांट में हुए हादसे की जांच की जा रही है। जांच के बाद हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आएंगी।