बिलासपुर में 4 अलग-अलग सड़क हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई। दिवाली की रात रायपुर से घर लौट रहे बाइक सवार 2 सगे भाइयों को ट्रेलर ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौत हो गई।
वहीं, सोमवार रात तेज रफ्तार बुलेट सामने जा रही थार से टकरा गई। हादसे में कारोबारी युवक की जान चली गई। टक्कर का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
तीसरी घटना में कार पलटने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं, बाइक की टक्कर से घायल बुजुर्ग ने भी दम तोड़ दिया। ये हादसे कोनी, सरकंडा और सकरी थाना क्षेत्रों में हुए हैं। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाइयों की मौत से मातम में बदलीं दिवाली की खुशियां
कोनी क्षेत्र के ग्राम गतौरी निवासी रितेश बघेल और उसका छोटा भाई साहिल बघेल रायपुर में काम करते थे। दोनों दिवाली मनाने के लिए गांव लौट रहे थे। रविवार रात दोनों बाइक से रायपुर से बिलासपुर पहुंचे।
इसके बाद सकरी होते हुए गतौरी के लिए रवाना हुए। दोनों तुर्काडीह के पास नेशनल हाईवे पर पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। रितेश के सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं, जबकि साहिल के सिर में चोट लगी। साहिल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
रितेश को तत्काल इलाज के लिए सिम्स ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। पोस्टमार्टम के बाद दोनों भाइयों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। कोनी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फरवरी में होनी थी शादी, हादसे में बुझ गया घर का चिराग
घर में फरवरी में होने वाली शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिवार ने बेटे की शादी को लेकर कई सपने संजो रखे थे, लेकिन एक सड़क हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं। सरकंडा थाना क्षेत्र के लोयोला स्कूल रोड पर रविवार देर रात करीब 2 बजे हुए हादसे में युवाA
आयुष दोस्तों से मिलकर बुलेट बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान आगे चल रही थार के चालक ने बिना इंडिकेटर दिए अचानक गाड़ी मोड़ दी। पीछे से आ रहा आयुष बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका और उसकी बुलेट थार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आयुष को गंभीर चोटें आईं। हादसे में उसकी मौत हो गई।
हादसे का CCTV वीडियो आया सामने
लोयोला स्कूल रोड पर हुए हादसे का CCTV वीडियो भी सामने आया है। इसमें थार चालक बिना इंडिकेटर दिए अचानक गाड़ी मोड़ता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान पीछे से आ रहे बुलेट सवार आयुष को संभलने का मौका नहीं मिला और उसकी बाइक थार से टकरा गई।
सरकंडा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और थार चालक की भूमिका की भी जांच कर रही है।