शासन के दिशा-निर्देशों के तहत महासमुंद पुलिस ने सोमवार को लगभग 998.070 किलोग्राम (करीब 10 क्विंटल) गांजा का नियमानुसार नष्टीकरण किया। नष्ट किए गए मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत 5 करोड़ 12 लाख 5 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई बेलसोंडा स्थित बालाजी प्लांट में जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में की गई। नष्टीकरण से पहले समिति के सदस्यों ने जब्त गांजे का भौतिक सत्यापन किया और निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे पूरी तरह नष्ट कर दिया।
सात एनडीपीएस मामलों में जब्त हुआ था गांजा
पुलिस के अनुसार, नष्ट किया गया गांजा जिले के विभिन्न थानों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के सात मामलों में जब्त किया गया था। इनमें थाना कोमाखान के तीन, थाना सांकरा के तीन और थाना बसना का एक प्रकरण शामिल है।
इन सात मामलों में वर्ष 2025 के तीन और 2026 के चार प्रकरण शामिल हैं। सभी मामलों में न्यायालयीन और वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शासन के निर्देशानुसार गांजे के नष्टीकरण की कार्रवाई की गई।
अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी हुई प्रक्रिया
पूरे नष्टीकरण की कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष एवं पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार की मौजूदगी में संपन्न हुई। इस दौरान जिला आबकारी अधिकारी, उप पुलिस अधीक्षक (अजाक), एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के नोडल अधिकारी, रक्षित निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
तस्करी के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
महासमुंद पुलिस ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। भविष्य में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।