8 दिनों की कस्टोडियल रिमांड खत्म होने के बाद महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप केस के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को आज रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा

Chhattisgarh Crimes8 दिनों की कस्टोडियल रिमांड खत्म होने के बाद महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप केस के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को आज रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा।

CBI के अधिकारी दिल्ली में पूछताछ के बाद उसे फ्लाइट से रायपुर लेकर आएंगे। आज की सुनवाई में सबसे अहम बात यह होगी कि CBI आगे की पूछताछ के लिए दोबारा रिमांड मांगती है या नहीं।

अगर CBI रिमांड नहीं मांगती है तो ED अपने वारंट को लागू कराने के लिए कोर्ट में फिर से आवेदन पेश कर सकती है। दरअसल, पिछली सुनवाई में ED ने सौरभ को अपने वारंट पर गिरफ्तार करने की मांग की थी।

हालांकि, कोर्ट ने उस समय ED के आवेदन को प्रीमैच्योर यानी समय से पहले दाखिल बताया था। अब आज (12 नवंबर) की सुनवाई में ED दोबारा आवेदन देने की तैयारी में है।

पिछली पेशी में ED का आवेदन को कोर्ट ने समय से पहले बताया

सौरभ चंद्राकर की पिछली पेशी के दौरान ED ने कोर्ट में आवेदन देकर अपने वारंट को एग्जीक्यूट कराने और उससे पूछताछ की अनुमति मांगी थी। हालांकि, उस समय CBI की रिमांड जारी थी।

ऐसे में कोर्ट ने ED के आवेदन को प्रीमैच्योर बताते हुए समय से पहले माना था। अब CBI की 8 दिन की रिमांड पूरी होने के बाद ED के पास फिर से कोर्ट में आवेदन पेश करने का मौका होगा।

अगर CBI आगे की रिमांड नहीं मांगती है तो ED अपने वारंट को लागू कराने के लिए आवेदन करेगी। इससे सौरभ से पूछताछ की प्रक्रिया में ED की एंट्री भी हो सकती है।

8 दिन की पूछताछ में इन पहलुओं पर जांच

CBI ने सौरभ से महादेव ऐप के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, हवाला के जरिए हुए लेनदेन और कथित प्रोटेक्शन मनी को लेकर पूछताछ की है।

जांच एजेंसी को यह पता लगाना है कि सट्टे से जुटाई गई रकम किन लोगों तक पहुंची और इस पूरे नेटवर्क में किन अधिकारियों और अन्य लोगों की भूमिका थी।

Exit mobile version