छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में पत्नी की हत्या करने के बाद उसे हादसा बताने की कोशिश करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुलिस को बताया था कि उसकी पत्नी नाले में गिर गई थी।
जिससे उसे अंदरूनी चोट आई और बाद में उसकी मौत हो गई। लेकिन पीएम रिपोर्ट की जांच में सामने आया कि महिला की मौत नाले में गिरने से नहीं, बल्कि पिटाई के कारण आई गंभीर चोटों से हुई थी।
पूछताछ में पता चला कि पत्नी को जल्दी चलने कहने पर दोनों के बीच लड़ाई हो गई थी। पत्नी ने उसे अपशब्द कहे थे, इसलिए गुस्से में आकर उसने पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या और सबूत छिपाने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।