कोरबा जिले में कटघोरा से बांकीमोंगरा जाने वाले मुख्य मार्ग पर शुक्रवार तड़के स्कॉर्पियो पेड़ से टकराकर पलट गई

Chhattisgarh Crimesकोरबा जिले में कटघोरा से बांकीमोंगरा जाने वाले मुख्य मार्ग पर शुक्रवार तड़के स्कॉर्पियो पेड़ से टकराकर पलट गई। हादसे में 18 साल के रूपेश पटेल की मौत हो गई, जबकि 18 साल का आर्यन गोंड गंभीर रूप से घायल हो गया। स्कॉर्पियो सड़क से करीब 50 मीटर दूर जाकर पलटी।

वाहन नंबर CG 12 BV 8131 में दोनों युवक चाकाबुड़ा से बांकीमोंगरा जा रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे शुक्लाखार चौक से बांकीमोंगरा की ओर मुख्य मार्ग पर स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वाहन तेज रफ्तार में था। इसी दौरान चालक नियंत्रण खो बैठा।

टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो के दोनों एयरबैग खुल गए। वाहन के पहिए और दूसरे हिस्से टूटकर अलग हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी।

रूपेश की मौत, आर्यन की हालत गंभीर

स्थानीय लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। टीम दोनों युवकों को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। वहां डॉक्टरों ने रूपेश पटेल को मृत घोषित कर दिया। आर्यन को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया। उसकी हालत गंभीर है।

दोनों युवक 18 साल के थे

रूपेश पटेल, दिलीप पटेल का बेटा था। वह ग्राम चाकाबुड़ा का रहने वाला था। वहीं, घायल आर्यन गोंड, ओमप्रकाश गोंड का बेटा है और ग्राम बुंदेली का निवासी है।

हादसे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।