राजनांदगांव जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी केंद्रों की संख्या 96 से बढ़ाकर 122 कर दी गई है। जिला प्रशासन ने 26 नए केंद्र खोले हैं। इससे 18,608 किसानों को घर के पास ही धान बेचने की सुविधा मिलेगी। जिले में धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी।
जिले के 122 धान खरीदी केंद्रों में कुल 1,35,167 किसानों ने पंजीयन कराया है। पिछले साल यह संख्या 1,32,233 थी। इस बार पंजीकृत किसानों की संख्या में 2,934 की बढ़ोतरी हुई है।
जिला प्रशासन के मुताबिक, नए खरीदी केंद्र खुलने से किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे उनका समय और परिवहन खर्च बचेगा। खरीदी केंद्रों पर भीड़ कम करने और प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की तैयारियां भी की गई हैं।
नीति में बदलाव से किसानों को मिलेगी राहत
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष सचिन सिंह बघेल ने राज्य सरकार के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए कहा कि धान खरीदी नीति में बदलाव से किसानों को अपनी उपज और प्रति एकड़ तय सीमा के अनुसार धान बेचने में सुविधा होगी।
उन्होंने कहा कि पहले कई किसान अपनी पूरी उपज समर्थन मूल्य पर नहीं बेच पाने से चिंतित रहते थे। अब खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ने और नीति में बदलाव से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।