
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आछीमार निवासी जोगीराम मिरी का गांव के ही कुंदन भट्ट से पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते जोगीराम ने कुंदन को मोबाइल पर कॉल कर अपने घर के पास बुलाया। कुंदन को आरोपी की मंशा का अंदाजा नहीं था।
पुलिस के मुताबिक, उस समय जोगीराम शराब के नशे में था। कुंदन के पहुंचते ही उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देने लगा।
पेट पर चाकू से किया वार, बीच-बचाव करने वाला भी घायल
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले से अपने पास रखे सब्जी काटने वाले चाकू से कुंदन के पेट पर जानलेवा वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे आशीष भट्ट पर भी आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में आशीष के हाथ की उंगली में चोट आई।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को संभाला। इसके बाद घटना की सूचना सिविल लाइन रामपुर पुलिस को दी गई।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी जोगीराम मिरी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 296, 351 सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी आदतन नशेड़ी है और पहले भी विवाद करता रहा है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश के चलते फोन कर बुलाने के बाद हमला करने की बात सामने आई है। मामले में आगे की जांच जारी है।