कोरबा में पिता की हत्या के मामले में बेटी की गवाही आरोपियों को सजा दिलाने में अहम साबित हुई

Chhattisgarh Crimesकोरबा में पिता की हत्या के मामले में बेटी की गवाही आरोपियों को सजा दिलाने में अहम साबित हुई। कटघोरा के प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश मधु तिवारी ने पति की हत्या कराने वाली पत्नी और सुपारी लेकर वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

मामला दीपका थाना क्षेत्र के ऊर्जानगर का है। न्यायालय ने पुलिस की विवेचना और अभियोजन की ओर से प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को हत्या का दोषी माना।

मामले की पैरवी अतिरिक्त लोक अभियोजक संजय जायसवाल ने की। उन्होंने बताया कि दीपका थाने में प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके जीजा जगजीवन राठे ऊर्जानगर स्थित घर के सामने वाले कमरे के दरवाजे के पास पीठ के बल लहूलुहान हालत में पड़े हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा कर अपराध दर्ज किया गया और मामले की जांच शुरू की गई।

पत्नी ने 50 हजार रुपए में दी थी हत्या की सुपारी

पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी धनेश्वरी राठे को हत्या की साजिश में शामिल पाया। जांच के अनुसार, धनेश्वरी ने दीपका के कृष्णा नगर निवासी तुषार सोनी को 50 हजार रुपए एडवांस देकर पति की हत्या की सुपारी दी थी।

तुषार ने टंगिया से वार कर जगजीवन राठे की हत्या कर दी। वारदात के बाद धनेश्वरी ने उसे 6 हजार रुपए नकद और एक सोने का हार भी दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रथम अपर सत्र न्यायालय कटघोरा में चालान पेश किया था।

बेटी की गवाही रही अहम

सुनवाई के दौरान मृतक की पुत्री इस मामले की महत्वपूर्ण गवाह बनी। वह घटना की प्रत्यक्षदर्शी थी। पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया था। अभियोजन पक्ष के अनुसार, न्यायालय में प्रतिपरीक्षण के दौरान भी उसका बयान अखंडनीय रहा। उसने स्पष्ट रूप से बताया कि उसकी मां ने ही पिता की हत्या कराई थी।

इसके अलावा अन्य गवाहों के बयान और पुलिस की ओर से जुटाए गए वैज्ञानिक व परिस्थितिजन्य साक्ष्य भी आरोपियों के खिलाफ गए। सभी साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने दोनों के विरुद्ध हत्या का आरोप सिद्ध माना।

दोनों आरोपियों को आजीवन कारावास

प्रकरण में प्रस्तुत साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश मधु तिवारी ने धनेश्वरी राठे और तुषार सोनी को हत्या का दोषी ठहराया। न्यायालय ने दोनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

Exit mobile version