पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने आरोप लगाया कि सरगुजा जिले में करीब 29 हजार और पूरे प्रदेश में लाखों राशनकार्ड धारियों के नाम काट दिए गए

Chhattisgarh Crimesपूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने आरोप लगाया कि सरगुजा जिले में करीब 29 हजार और पूरे प्रदेश में लाखों राशनकार्ड धारियों के नाम काट दिए गए हैं। डिजिटल सत्यापन और रिकॉर्ड में गड़बड़ी बताकर राशन कार्ड से सदस्यों के नाम हटाए जा रहे हैं। इससे जरूरतमंद परिवारों को पहले के मुकाबले कम राशन मिल रहा है। कई परिवारों को पहले 35 किलो अनाज मिलता था, लेकिन अब सिर्फ 10 किलो मिल रहा है।

सिंहदेव ने अपने पीएसओ राजेश पैकरा के परिवार का उदाहरण देते हुए बताया कि उनके राशन कार्ड में चार सदस्यों के नाम दर्ज थे। लेकिन फोटो सत्यापन के बाद तीन सदस्यों के नाम हटा दिए गए। उन्होंने कहा कि इस तरह कई परिवारों को परेशानी हो रही है।

राशन वितरण व्यवस्था पर सरकार का नियंत्रण नहीं

टीएस सिंहदेव ने कहा कि राशन दुकानों में पिछले छह महीने से चना नहीं मिल रहा है। वहीं, कई जगहों पर दो महीने से शक्कर का वितरण भी नियमित नहीं हो रहा है। कुछ दुकानों में पर्याप्त शक्कर पहुंच रही है, जबकि दूसरी जगहों पर हितग्राहियों को इंतजार करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि राशन वितरण की व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित हो गई है। सरकार का इस पर नियंत्रण नजर नहीं आ रहा है। डिजिटल रिकॉर्ड में गलत या अधूरी जानकारी दर्ज होने के कारण पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

सिंहदेव ने कांतिप्रकाशपुर, कंठी, टपरकेला और मानिकप्रकाशपुर गांवों का जिक्र करते हुए कहा कि यहां बड़ी संख्या में राशनकार्ड धारियों को परेशानी हो रही है। कई लोगों को पिछले महीने तक राशन मिला था, लेकिन अब ऑनलाइन रिकॉर्ड में उनके नाम के सामने राशन की मात्रा शून्य दिख रही है। अधिकारियों के पास भी इसका स्पष्ट जवाब नहीं है।

समस्या दूर नहीं हुई तो कांग्रेस करेगी आंदोलन

सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस अभी इन शिकायतों की जांच कर रही है। सरकार को व्यवस्था सुधारने का मौका दिया जा रहा है। अगर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस प्रभावित लोगों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी।

सरकार बदलते ही राशन कार्डों में शुरू हुई काट-छांट

पूर्व खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने गरीबों और आम लोगों को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई थी, ताकि कोई भूखा न सोए। लेकिन भाजपा की सरकार बनने के बाद राशन कार्डों से लगातार नाम हटाए जा रहे हैं। गरीबों को मिलने वाली सुविधाएं कम की जा रही हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है।

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद, अजय अग्रवाल, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता, डॉ. जेपी श्रीवास्तव सहित अन्य कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।