प्रदेश में 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी शुरू होने में अभी दो दिन बाकी हैं, लेकिन इससे पहले ही कोचिए और दलालों द्वारा बाहरी धान को खरीदी केंद्रों में खपाने की तैयारी की खबरें सामने आने लगी हैं। इसे देखते हुए बिलासपुर जिला प्रशासन ने अवैध संग्रहण और कारोबार के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने जिले के सात ठिकानों पर छापेमारी कर 200.40 क्विंटल धान जब्त किया है। आशंका है कि इस धान को उपार्जन केंद्रों में खपाने के लिए जमा किया गया था।
जिला प्रशासन के अनुसार, संबंधित क्षेत्रों के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और तहसीलदारों के नेतृत्व में जांच दलों ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों और धान संग्रहण स्थलों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान सात स्थानों से कुल 200.40 क्विंटल धान जब्त किया गया। सभी मामलों में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
इन संस्थानों से जब्त हुआ धान
प्रशासन की कार्रवाई में चकरभाठा स्थित शुभम हरियाणी के नानक ट्रेडर्स से 28 क्विंटल और श्री कृष्णा धान भंडार से 24 क्विंटल धान जब्त किया गया। वहीं, कोटा के वार्ड क्रमांक एक स्थित जय भगवान अग्रवाल की श्रीराम राइस मिल से 50.40 क्विंटल और ग्राम गतौरा के अमर किराना स्टोर्स से 28 क्विंटल धान की जब्ती हुई।
इसी तरह बेलगहना में नवीन अग्रवाल के विशेष ट्रेडर्स से 24 क्विंटल, ग्राम किरारी के राम गोपाल किराना स्टोर्स से 26 क्विंटल और मझवानी, दारसागर स्थित जागेश्वर प्रसाद जायसवाल के पप्पू किराना स्टोर से 20 क्विंटल धान जब्त किया गया।
अवैध संग्रहण पर कार्रवाई जारी रखने का ऐलान
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान का अवैध कारोबार और अनधिकृत संग्रहण करने वाले व्यक्तियों, व्यापारियों तथा संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। प्रशासन का कहना है कि उपार्जन केंद्रों में अनधिकृत धान खपाने के प्रयासों को रोकने के लिए जांच और निगरानी बढ़ाई गई है।