
कांग्रेस 50-55 साल तक केंद्र की सत्ता में रही, लेकिन उसने जनजाति समाज के विकास के लिए अलग मंत्रालय तक नहीं बनाया। किरणदेव ने यह बातें शनिवार को रायपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहीं।
किरण सिंह देव ने कहा कि, बीजेपी सरकार जनजाति समाज के विकास और उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। केंद्र सरकार की एक लाख करोड़ रुपए से अधिक की योजनाएं इस समाज के विकास के लिए चलाई जा रही हैं।
इनमें धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान भी शामिल है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि इतने लंबे समय तक केंद्र में सरकार रहने के बावजूद उसने जनजाति समाज के विकास के लिए क्या किया और कौन-सी योजनाएं शुरू कीं।
भाषा-बोली अलग, लेकिन समाज एक ही है
सिंहदेव ने आदिवासी और जनजाति शब्दों के बीच अंतर किए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बस्तर में ही हर 20-25 किलोमीटर पर अलग-अलग जनजातीय समुदाय मिलते हैं।
उनकी भाषा, बोली, खान-पान और पहनावा अलग-अलग हो सकता है, लेकिन सभी जनजाति समाज का हिस्सा हैं। ऐसे में आदिवासी और जनजाति को अलग-अलग बताकर भेदभाव क्यों किया जा रहा है? आदिवासी समाज के लोग भी जनजाति समाज में ही आते हैं।
उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस के जरिए देश और प्रदेश के जनजातीय नायकों का सम्मान किया जा रहा है। भगवान बिरसा मुंडा को धरती आबा के नाम से याद किया जाता है।
इसी तरह बस्तर के गुंडाधुर और शहीद वीर नारायण सिंह जैसे नायकों ने भी देश और समाज के लिए योगदान दिया है। इन वीरों के सम्मान और उनके योगदान को याद करने पर किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
15 नवंबर को धरमजयगढ़ में कार्यक्रम
किरण सिंह देव ने बताया कि 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल होंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा होगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को लेकर सरगुजा से लेकर जशपुर और आसपास के जनजातीय क्षेत्रों में उत्साह है। बड़ी संख्या में समाज के लोग इसमें शामिल होंगे।