
अधिकारियों के सामने आदेश पेश कर बाइक सुपुर्दगी में देने की मांग की। दस्तावेजों की जांच में आदेश फर्जी निकला। आबकारी विभाग की शिकायत पर भिलाई भट्ठी पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता मणिशंकर चंद्रा के मुताबिक, मामला 14 नवंबर का है। आबकारी नियंत्रण कक्ष, सेक्टर-1 भिलाई में भोजराम रत्नाकर ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, जय कुमार आडिल और युगल किशोर शर्मा कार्यालय पहुंचे थे। दोनों ने साल 2025 के आबकारी मामले में जब्त बाइक वापस लेने के लिए कलेक्टर दुर्ग के नाम से जारी आदेश पेश किया।
यह होंडा एचएफ डीलक्स बाइक थी, जिसका नंबर CG 07 B 15687 है। आदेश देखकर अधिकारियों को संदेह हुआ। उन्होंने दस्तावेज का सत्यापन कराया तो पता चला कि कलेक्टर के नाम से जारी बताया जा रहा आदेश फर्जी है। इसके बाद आबकारी विभाग ने पुलिस को सूचना दी।
पूछताछ में AI से दस्तावेज बनाने की बात बताई
पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बताया कि जब्त मोटरसाइकिल छुड़ाने के लिए उन्होंने AI की मदद से कलेक्टर के नाम का फर्जी आदेश तैयार किया था। उनका मकसद आदेश को असली सरकारी दस्तावेज की तरह दिखाकर अधिकारियों से बाइक की सुपुर्दगी हासिल करना था।
मोबाइल और फर्जी आदेश जब्त
पुलिस ने जय कुमार आडिल उर्फ पप्पू (32) और युगल किशोर शर्मा उर्फ राजा (40) को गिरफ्तार किया है। जय कुमार ग्राम मोहरेंगा के सतनामी पारा का रहने वाला है, जबकि युगल किशोर भी ग्राम मोहरेंगा का निवासी है। दोनों नंदिनी नगर थाना क्षेत्र से जुड़े हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से फर्जी आदेश की प्रति और उसे तैयार करने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन जब्त किया है। दोनों को 14 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।