
पहले दिन किसानों को अलग-अलग तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। दुर्ग में डेढ़ एकड़ रकबा कटने से 33 क्विंटल धान बेचने में परेशान किसान ने आत्महत्या की बात कही। कांग्रेस ने इसे षडयंत्र बताया और किसानों का पूरा धान खरीदे जाने की मांग की है।
किसी किसान को ऑनलाइन टोकन की तारीख जनवरी में मिल रही है, तो किसी का पंजीकृत रकबा कम होने से धान बेचने में दिक्कत हो रही है। किसानों ने अपनी शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं।
धमतरी में पहले दिन 550 से ज्यादा किसानों ने टोकन कटवाया। वहीं, सुकमा में किसी भी किसान का टोकन नहीं कटा। दोपहर 12 बजे तक जिला मुख्यालय के खरीदी केंद्र में न किसान पहुंचे और न ही धान से भरी गाड़ियां आईं। जबकि केंद्र में खरीदी की पूरी तैयारी थी।प्रदेश में 27.50 लाख से ज्यादा किसानों ने पंजीयन कराया है। इस बार खरीदी केंद्रों की संख्या 2740 से बढ़ाकर 3100 कर दी गई है। टोकन काटने, किसान पंजीयन और खेत में बोई गई फसल की जांच की प्रक्रिया भी ऑनलाइन की जा रही है।