दुर्ग जिले के ग्राम खम्हरिया में दूसरे लोगों के नाम दर्ज कृषि जमीन को अपनी बताकर बेचने का सौदा करने वाले आरोपी को पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने साल 2021 में 6,244 वर्गफुट जमीन का सौदा 12 लाख रुपए में तय किया था।
इसके लिए खरीदार के साथ इकरारनामा भी किया था। बाद में जांच में पता चला कि जमीन आरोपी के नाम पर नहीं, बल्कि दो अन्य लोगों के नाम पर दर्ज है। जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को अरेस्ट किया। मामला अमलेश्वर थाना क्षेत्र का है।
6 दिसंबर 2021 को किया था इकरारनामा
पुलिस के मुताबिक, दुर्ग के कन्हैयापुरी निवासी जयदीप झा (62) ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि साल 2021 में दीपक झा ने ग्राम खम्हरिया स्थित कृषि जमीन को अपनी बताकर बेचने का सौदा किया था।
जमीन का कुल रकबा 6,244 वर्गफुट था। इसकी कीमत 12 लाख रुपए तय हुई थी। आरोपी ने 6 दिसंबर 2021 को जयदीप झा के पक्ष में इकरारनामा भी किया था।
बाद में जमीन के दस्तावेजों की जांच कराई गई तो पता चला कि खसरा नंबर 667/2 और 667/3 की जमीन रविन्द्र झा और पुष्पलता झा के नाम पर दर्ज है।
इसके बावजूद आरोपी ने जमीन को अपनी बताकर बेचने का सौदा किया था। इस तरह गलत जानकारी देकर खरीदार के साथ धोखाधड़ी की गई।
रायपुर के मारुति विहार का रहने वाला है आरोपी
मामले में न्यायालय के आदेश पर अमलेश्वर थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने जमीन से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाए। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के सबूत मिलने पर पुलिस ने 16 नवंबर को सुबह 10:30 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी दीपक झा रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र स्थित मारुति विहार का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।