गेवरा-दीपका क्षेत्र में ट्रेलर चोरी के मामले में दीपका पुलिस ने झारखंड से एक आरोपी को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesकोरबा। गेवरा-दीपका क्षेत्र में ट्रेलर चोरी के मामले में दीपका पुलिस ने झारखंड से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। चोरी किए गए ट्रेलर की कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई है।

आरोपी ने शातिर तरीके से ट्रेलर को अपने ट्रेलर हॉर्स में जोड़कर झारखंड पहुंचा दिया था, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का ट्रेलर और वारदात में इस्तेमाल किया गया ट्रेलर हॉर्स भी जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, तिवरता निवासी शिवम अग्रवाल ने दीपका थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका ट्रेलर क्रमांक सीजी 10 सीजी 8684 नवजागृति शिशु मंदिर स्कूल मैदान तिवरता में खड़ा था।

इसकी कीमत करीब 10 लाख रुपए है। 3-4 नवंबर 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोर ट्रेलर चोरी कर ले गए। शिकायत पर दीपका थाना में अपराध क्रमांक 462/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

टोल और सड़क के सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए दीपका थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के टोल टैक्स बैरियर और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में 4 नवंबर की रात एक संदिग्ध ट्रेलर को ले जाते हुए देखा गया। जांच के आधार पर ट्रेलर हॉर्स क्रमांक सीजी 12 बीएम 9230 की पहचान की गई।

झारखंड से आरोपी गिरफ्तार, दोनों वाहन जब्त

इसी सुराग के आधार पर पुलिस झारखंड पहुंची और एमडी खुशबुल्ला अंसारी (35), पिता जसमुद्दीन अंसारी, निवासी ग्राम चमा, थाना मेराल, जिला गढ़वा को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने ट्रेलर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने चोरी किए गए ट्रेलर को अपने ट्रेलर हॉर्स क्रमांक सीजी 12 बीएम 9230 में जोड़कर झारखंड ले जाने की बात बताई।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम जरही, थाना डंडई, जिला गढ़वा से चोरी किया गया ट्रेलर क्रमांक सीजी 10 सीजी 8684 और वारदात में इस्तेमाल किया गया ट्रेलर हॉर्स जब्त किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। इस कार्रवाई में दीपका थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।