
दीपक की गिरफ्तारी आर्ट ऑफ लिविंग की प्रमुख डॉ. सरिता वाजपेयी के होटल पर कब्जा करने और धमकी देने के मामले में हुई है। उसके खिलाफ तेलीबांधा थाने में जालसाजी के चार अन्य केस भी दर्ज हैं। प्रदेश में उसके खिलाफ आठ मामले दर्ज हैं। आधा दर्जन शिकायतों की जांच जारी है। टीआई रोहित मालेकर के अनुसार डॉ. सरिता, बिल्डर संजय बाजपेयी की पत्नी हैं। उन्होंने 2021 में वीआईपी रोड स्थित साधना मंडप हॉल होटल संचालन के लिए बरखा चौबे उर्फ बरखा टंडन को दिया था। लीज समाप्त होने के बाद करीब डेढ़ साल से किराया नहीं दिया गया। दस लाख रुपए बकाया हैं। संपत्ति कर जमा नहीं होने पर निगम ने 18 अगस्त को होटल सील किया था। 26 अक्टूबर को सील खोलकर सरिता को सौंपा गया। आरोप है कि दीपक और बरखा ने दोबारा कब्जा कर लिया। बरखा पहले ही जेल भेजी जा चुकी है।
इन मामलों में भी दर्ज हैं एफआईआर दीपक के खिलाफ जमीन, कार, नौकरी और ठेका दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। कारोबारी आशीष जायसवाल से 16500 वर्गफीट जमीन और एटमॉस्फिरिया रेस्टोरेंट बेचने के नाम पर 36 लाख लेने का आरोप है। संपत्ति उसके या पत्नी के नाम नहीं थी। फॉर्च्यूनर लीजेंडर बेचने के नाम पर 20 लाख लेने की दो एफआईआर हैं। एसईसीएल में नौकरी दिलाने के नाम पर विकास नागले से 25 लाख और कोल ट्रांसपोर्टिंग ठेके के नाम पर श्याम सिंह से 31 लाख लेने का आरोप है।
अन्य सबूतों की जांच नहीं करेगी रायपुर पुलिस दीपक टंडन और पत्नी बरखा की गिरफ्तारी के बाद मोबाइल में मिले चैट, वीडियो और फोटो की चर्चा है। हालांकि, इनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एसीपी रमाकांत साहू ने बताया कि रायपुर पुलिस तेलीबांधा थाने की पांच एफआईआर में ही पूछताछ करेगी। फिलहाल एक मामले में गिरफ्तारी हुई है। बाकी मामलों में क्रमशः गिरफ्तारी होगी। साक्ष्य कोर्ट में पेश किए जाएंगे। दीपक का मोबाइल बिलासपुर पुलिस ने जब्त किया है। रायपुर पुलिस ने कोई मोबाइल जब्त नहीं किया। इसलिए मोबाइल उसकी जांच के दायरे में नहीं है। पांचों मामलों में शिकायतकर्ताओं की रिपोर्ट और संबंधित तथ्यों के आधार पर विवेचना होगी।