गरियाबंद पुलिस का सतर्कता अभियान: स्कूलों के बाहर पकड़े गए दोपहिया वाहन चलाते नाबालिग, परिजनों को थाने बुलाकर दी समझाइश

Chhattisgarh Crimes ■ समझाइश के बाद भी नाबालिगों को वाहन दिया तो वाहन मालिक और परिजनों पर होगी नियमानुसार कार्यवाही।

युमेन्द्र कश्यप/देवभोग। क्षेत्र में नाबालिग बच्चों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने और तेज रफ्तार से सड़कों पर वाहन दौड़ाने की लगातार मिल रही शिकायतों को देवभोग पुलिस ने गंभीरता से लिया है। आमजनों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से देवभोग पुलिस ने विशेष सतर्कता अभियान चलाते हुए थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्कूलों के बाहर निगरानी की।

अभियान के दौरान स्कूलों से छुट्टी के बाद तेज रफ्तार में दोपहिया वाहन लेकर निकल रहे नाबालिगों को पुलिस ने रोककर उनके वाहनों सहित थाना परिसर लाया। इसके बाद संबंधित नाबालिगों के परिजनों को थाने बुलाकर विस्तार से समझाइश दी गई।
पुलिस के अधिकारियों ने नाबालिगों और उनके परिजनों को समझाया कि कम उम्र में वाहन चलाना न केवल बच्चों की जान के लिए खतरनाक है, बल्कि इससे सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है। देवभोग पुलिस ने परिजनों को बताया कि इस बार बच्चों के भविष्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समझाइश देकर वाहन छोड़ा गया |
समझाईस के बाद परिजन अपने नाबालिग बच्चों को दोपहिया वाहन चलाने के लिए देते हैं, तो पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसमें नाबालिग को वाहन देने वाले वाहन स्वामी के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में दोपहिया या अन्य मोटर वाहन चलाने की अनुमति न दें। बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सबसे पहले उनके परिजनों की है।

Exit mobile version