
इस दौरान उन्होंने रेल पटरी, पुल-पुलियों, सिग्नल, समपार फाटक और दूरसंचार व्यवस्था की जांच की। इसके बाद ओएमएस स्पेशल ट्रेन से नई लाइन पर स्पीड ट्रायल किया गया।
अब इस लाइन पर यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन शुरू करने के लिए रेल संरक्षा आयुक्त की अंतिम मंजूरी का इंतजार है। मंजूरी मिलने के बाद इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही आसान होगी।
मौजूदा रेल लाइनों पर ट्रेनों का दबाव कम होगा और परिचालन में भी सहूलियत मिलेगी। इससे बिलासपुर-पेंड्रारोड रेलखंड की क्षमता बढ़ेगी।
तेजी से चल रहा तीसरी रेल लाइन का काम
बिलासपुर रेल मंडल में कटनी रूट पर करगी रोड से पेंड्रारोड तक तीसरी रेल लाइन बिछाने का काम तेजी से चल रहा है। पहले चरण में करगी रोड और सलकारोड स्टेशन के बीच 8 किलोमीटर लंबी विद्युतीकृत तीसरी रेल लाइन का काम पूरा हो गया है।
इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही ज्यादा है। दो रेल लाइनों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने से यात्री ट्रेनों को बीच में रोकना पड़ता था। तीसरी लाइन शुरू होने से ट्रेनों की आवाजाही आसान होगी। साथ ही देरी की समस्या कम होगी।
पैनल रूम और यार्ड की भी जांच
निरीक्षण के लिए रेल संरक्षा आयुक्त उसलापुर स्टेशन से ट्रॉली ट्रेन के जरिए करगी रोड और सलकारोड पहुंचे। यहां उन्होंने दोनों स्टेशनों के पैनल रूम और यार्ड का जायजा लिया।
अधिकारियों की टीम ने निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा से जुड़े तकनीकी मानकों की जांच की। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।