प्रदेशभर के नर्सिंग ऑफिसर्स ने बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दिया है

Chhattisgarh Crimesप्रदेशभर के नर्सिंग ऑफिसर्स ने बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दिया है। जगदलपुर में भी नर्सिंग ऑफिसर्स हड़ताल पर बैठ गए हैं। नियमित नर्सिंग स्टाफ के आंदोलन में शामिल होने से अस्पतालों में मरीजों की देखभाल की जिम्मेदारी प्रशिक्षित स्टाफ नर्सों और संविदा नर्सों के भरोसे रही। हड़ताल के पहले ही दिन अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई गई है। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन का कहना है कि छत्तीसगढ़ में नर्सिंग संवर्ग पिछले 14 सालों से ग्रेड-पे और वेतनमान में बढ़ोतरी की मांग कर रहा है, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। एसोसिएशन के अनुसार, साल 2018 में आंदोलन के बाद एक कमेटी गठित की गई थी। कमेटी ने सितंबर 2018 में अपनी रिपोर्ट भी सौंप दी थी, लेकिन 30 जून 2021 को इस रिपोर्ट को अमान्य कर दिया गया। इसके बाद साल 2023 में भी नर्सिंग स्टाफ ने आंदोलन किया था। एसोसिएशन का आरोप है कि उस दौरान कई कर्मचारियों को निलंबित और बर्खास्त किया गया। उनका वेतन भी रोक दिया गया, लेकिन मूल मांगों का समाधान नहीं हुआ।

तीन दिन बाद रायपुर में अनिश्चितकालीन हड़ताल नर्सिंग ऑफिसर्स का कहना है कि फिलहाल तीन दिनों तक आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद भी मांगों पर समाधान नहीं हुआ तो रायपुर में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। इससे आने वाले दिनों में अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं पर और असर पड़ने की आशंका है।

ग्रेड-पे 2800 से बढ़ाकर 4800 करने की मांग एसोसिएशन के सचिव जयंती पाटकर ने बताया कि लंबे समय से शासन के सामने मांगें रखी जा रही हैं, लेकिन अब तक उनका निराकरण नहीं हुआ है। एसोसिएशन की सबसे प्रमुख मांग ग्रेड-पे को 2800 रुपए से बढ़ाकर 4800 रुपए करना है। इसके अलावा 30 जनवरी 2026 को ग्रेड-पे बढ़ाने के संबंध में तैयार प्रस्ताव, भत्तों, संविदा, एनएचएम और डेली वेजेस से जुड़े मुद्दों पर भी ध्यान देने की मांग की गई है। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष पूर्णिमा करम ने बताया कि मांगों को लेकर प्रदेशभर के नर्सिंग ऑफिसर्स आंदोलन कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक मांगों का समाधान नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।

Exit mobile version