बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम के साथ फ्लाइट में सफर कर रहे यात्रियों को लाइव म्यूजिक सुनने का मौका मिला। 20 नवंबर को रायपुर से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में सोनू निगम मौजूद थे। यात्रियों की फरमाइश पर उन्होंने गाने गाए।
इस दौरान कुछ देर के लिए प्लेन का माहौल म्यूजिक कॉन्सर्ट जैसा हो गया। यात्रियों ने खूब एन्जॉय किया और इस खास पल को मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
फ्लाइट में यात्रियों ने ही सोनू निगम से गाने सुनाने की गुजारिश की थी। इसके बाद उन्होंने ‘हर घड़ी बदल रही है जिंदगी’ और ‘बिजुरिया’ जैसे मशहूर गाने सुनाए। सोनू निगम को अपने बीच गाते देख यात्री काफी रोमांचित हो गए। कई यात्रियों ने उनके साथ सेल्फी भी ली।
लोग बोले- फ्लाइट में ही कॉन्सर्ट हो गया
कमलेश जैन नाम के सोशल मीडिया यूजर ने सोनू निगम का यह वीडियो शेयर किया है। इस पर लोगों ने कमेंट किया कि फ्लाइट में ही कॉन्सर्ट हो गया। वहीं, कई लोगों ने खुद को खुशकिस्मत बताया कि उन्हें सोनू निगम के साथ सफर करने और उन्हें लाइव सुनने का मौका मिला।
ओरियाना फेस्ट के लिए रायपुर आए थे सोनू निगम
दरअसल, सोनू निगम 19 नवंबर को रायपुर एम्स के ओरियाना फेस्ट में शामिल होने पहुंचे थे। एम्स में आयोजित इस सांस्कृतिक आयोजन में उन्होंने अपनी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के बाद वे 20 नवंबर को मुंबई लौट रहे थे। इसी दौरान इंडिगो की फ्लाइट में यात्रियों को उनके साथ सफर करने का मौका मिला और यह यादगार पल सामने आया।