
इसमें 350 बोरी यानी 140 क्विंटल धान युधिष्ठिर साहू के दुकान और गोदाम से मिला। वहीं, सेवा सहकारी समिति लिप्ती में बिक्री के लिए लाए गए धान में 17 बोरी पुराना धान मिला। जिले में अब तक अलग-अलग मामलों में 2528 क्विंटल धान जब्त किया जा चुका है।
कसडोल में दुकान और गोदाम से मिला 140 क्विंटल धान
सोमवार को राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम को अवैध धान के भंडारण की सूचना मिली थी। इसके बाद एसडीएम घरघोड़ा के मार्गदर्शन में टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर जांच की।
टीम ने ग्राम कसडोल, तमनार में युधिष्ठिर साहू की दुकान और गोदाम की जांच की। इस दौरान वहां 350 बोरी धान मिला। इसका कुल वजन 140 क्विंटल था। टीम ने धान को अवैध रूप से भंडारित पाए जाने पर छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत जब्त कर कार्रवाई की।
लिप्ती समिति में 17 बोरी पुराना धान मिला
इसी तरह सेवा सहकारी समिति लिप्ती में ग्राम गोलाबुड़ा के किसान जितेंद्र खुंटिया धान बेचने पहुंचे थे। जांच के दौरान उनकी 113 बोरियों में से 17 बोरी धान ग्रीष्मकालीन यानी पुराना पाया गया।
निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप नहीं होने के कारण इस धान को खरीदी के लिए स्वीकार नहीं किया गया। समिति प्रबंधक, फड़ प्रभारी और मौजूद किसानों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार किया गया। इसके बाद उप संचालक कृषि ने 17 बोरी धान जब्त कर समिति में सुरक्षित रखवा दिया।
सिसरिंगा में 440 क्विंटल धान किया था जब्त
शुक्रवार को भी प्रशासन की संयुक्त टीम ने ग्राम सिसरिंगा में कार्रवाई की थी। यहां टिकेश्वर यादव के गोदाम में अवैध धान भंडारण की सूचना मिली थी। जांच के दौरान गोदाम से 1100 कट्टा यानी 440 क्विंटल धान जब्त किया गया था।
अब तक 2528 क्विंटल धान जब्त
जिले में अब तक अलग-अलग मामलों में कुल 2528 क्विंटल धान जब्त किया जा चुका है। इन मामलों में छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन की टीमें धान खरीदी केंद्रों और भंडारण स्थलों की लगातार जांच कर रही हैं। इसका उद्देश्य अवैध भंडारण और पुराने धान की बिक्री रोकना है, ताकि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी न हो।