दंतेवाड़ा जिले में NMDC की L1-L2 भर्ती परीक्षा कराने को लेकर युवा बेरोजगार संघ ने आंदोलन का ऐलान किया है। संघ 28 नवंबर से NMDC बचेली और किरंदुल परियोजना में अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेगा। इस दौरान दोनों परियोजनाओं का काम बंद कराने की कोशिश की जाएगी।
आंदोलन में दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिले के सैकड़ों युवा शामिल होंगे। युवाओं की मांग है कि L1-L2 भर्ती परीक्षा की तारीख तय कर घोषित की जाए। संघ का कहना है कि यह लड़ाई सिर्फ एक भर्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि बस्तर के युवाओं के रोजगार और अधिकारों से जुड़ा मुद्दा है।
राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से समर्थन की अपील
दंतेवाड़ा युवा बेरोजगार संघ ने आंदोलन में भाजपा, कांग्रेस, CPI, आम आदमी पार्टी, भीम आर्मी समेत सभी राजनीतिक दलों से समर्थन मांगा है। इसके साथ ही बस्तरिया राज मोर्चा सहित सामाजिक संगठनों, ST, SC, OBC वर्ग के लोगों से भी आंदोलन में शामिल होने की अपील की गई है।
संघ ने व्यापारिक संगठनों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, NMDC कर्मचारियों के बच्चों और उनके परिवारों के साथ ही दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले के युवाओं के साथ ही मूल निवासियों से एकजुट होने का आह्वान किया है। 28 नवंबर के आंदोलन को लेकर युवाओं ने प्रचार-प्रसार करना और पर्चे चस्पा करना भी शुरू कर दिया है।
भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और परीक्षा की तारीख तय करने की मांग
संघ की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि जिन युवाओं ने NMDC L1-L2 भर्ती के लिए आवेदन किया है, वे अपने रोजगार के अधिकारों के लिए आंदोलन में साथ दें। संगठन की प्रमुख मांग है कि भर्ती प्रक्रिया शुरू हो और परीक्षा की तारीख सुनिश्चित की जाए।
संघ का कहना है कि NMDC में भविष्य में नए डिपॉजिट खुलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी होंगे। ऐसे में स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर और अधिकार मिलने चाहिए।
आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की भी लड़ाई
संघ ने कहा है कि यह लड़ाई केवल मौजूदा भर्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के रोजगार और भविष्य से भी जुड़ी है। संगठन ने लोगों से राजनीतिक और सामाजिक मतभेद भुलाकर एक मंच पर आने की अपील की है।
युवाओं का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती तब तक सैकड़ों युवा दिन-रात वहीं बैठे रहेंगे। इससे पहले 17 नवंबर को युवाओं ने भांसी में एक बड़ी बैठक कर आंदोलन की योजना बनाई थी।