बिलासपुर तहसील कार्यालय में शराब के नशे में कुर्सी पर सोते मिले रीडर रवि शंकर सूर्यवंशी को कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सस्पेंड कर दिया

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर तहसील कार्यालय में शराब के नशे में कुर्सी पर सोते मिले रीडर रवि शंकर सूर्यवंशी को कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सस्पेंड कर दिया है। आरोप है कि 20 नवंबर को फाइल लेकर पहुंचे वकील त्रिशिर दीक्षित से रीडर ने बदसलूकी की और उनकी फाइल पुटअप करने से मना कर दिया।

इसके बाद वकील ने रीडर रवि शंकर सूर्यवंशी का वीडियो बनाकर कलेक्टर से शिकायत की थी। एसडीएम की जांच रिपोर्ट में पहली नजर में दोषी पाए जाने के बाद रीडर को सस्पेंड कर कोटा तहसील कार्यालय अटैच किया गया है।

रवि शंकर सूर्यवंशी बिलासपुर तहसील कार्यालय में नायब तहसीलदार समर्थ थवाईत के रीडर के रूप में पदस्थ है।

आरोप है कि 20 नवंबर को वकील त्रिशिर दीक्षित अपनी फाइल लेकर उसके पास पहुंचे थे। इस दौरान रीडर अपनी कुर्सी पर सो रहा था। वकील का आरोप है कि वह शराब के नशे में था।

वकील ने जब अपनी फाइल पुटअप करने के लिए कहा, तो रीडर ने मना कर दिया। इस दौरान उसने वकील से बदसलूकी भी की।

इसके बाद वकील ने मोबाइल से रीडर का वीडियो बना लिया। वीडियो में कर्मचारी कार्यालय के भीतर अपनी कुर्सी पर सोता नजर आ रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वकील ने कलेक्टर से की शिकायत

घटना के बाद वकील त्रिशिर दीक्षित ने कलेक्टर संजय अग्रवाल से शिकायत की। उन्होंने रीडर पर शराब के नशे में ड्यूटी करने और उनके साथ बदसलूकी करने का आरोप लगाया। शिकायत के साथ कर्मचारी का वीडियो भी दिया गया।

SDM की जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई

शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी को मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए। एसडीएम ने जांच के बाद रिपोर्ट कलेक्टर को भेजा। इसमें रीडर रवि शंकर सूर्यवंशी को पहली नजर में दोषी पाया गया।

जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर ने अमर्यादित आचरण के लिए रीडर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। निलंबन के बाद उसे कोटा तहसील कार्यालय अटैच किया गया है।

Exit mobile version