
मुख्यमंत्री साय कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 55-60 साल तक देश में शासन करने वाली पार्टी आज सिमटकर रह गई है। सीएम मंगलवार को दुर्ग जिले के दौरे पर थे।
इस दौरान उन्होंने रिसाली, भिलाई और भिलाई-चरोदा नगर निगम क्षेत्रों में 402 करोड़ 12 लाख रुपए से ज्यादा के 362 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 39 कार्यों का लोकार्पण और 323 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
CM साय बोले- भाजपा और मोदी पर जनता का भरोसा बढ़ा
मुख्यमंत्री साय ने पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन को अच्छी बात बताया। उन्होंने कहा कि देश की जनता का विश्वास भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति बढ़ा है। इसी वजह से गठबंधन में दूसरी पार्टियां भी जुड़ती जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने हैं। आज 22 राज्यों में भाजपा और एनडीए की सरकारें हैं।
कांग्रेस पर साधा निशाना, कथनी-करनी में अंतर बताया
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को देश की जनता देख चुकी है। पार्टी ने 55-60 साल तक देश में शासन किया। उसके प्रधानमंत्री रहे और अलग-अलग राज्यों में मुख्यमंत्री भी रहे, लेकिन उनकी कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर रहा।
इसी वजह से जनता का विश्वास कांग्रेस के प्रति घटता गया और आज पार्टी सिमटकर रह गई है।