
ईडी के मुताबिक, अनिल अग्रवाल महादेव ऐप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल का करीबी सहयोगी था। वहीं विशाल आहूजा ने अपने भाई धीरज आहूजा के साथ मिलकर सौरभ चंद्राकर की करीब 200 करोड़ रुपए की शादी में मेहमानों के आने-जाने, फ्लाइट टिकट और होटल बुकिंग का इंतजाम किया था।
दोनों के खिलाफ पहले जारी हुआ था गैर-जमानती वारंट
ईडी के वकील सौरभ पांडेय ने बताया कि दोनों आरोपियों के भारत आने की संभावना नहीं दिखने पर पहले कोर्ट से उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कराया गया था। इसके बाद प्रत्यर्पण के लिए कोर्ट में आवेदन दिया गया।इस आवेदन के साथ करीब 300 से 400 पन्नों के दस्तावेज पेश किए गए थे। कोर्ट ने आवेदन पर हस्ताक्षर कर आगे की कार्रवाई के लिए दस्तावेज ईडी को सौंप दिए हैं। अब दोनों आरोपियों को दुबई से भारत लाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
पैनल संचालकों को मैनेज करता था अनिल
ईडी के वकील सौरभ पांडेय ने बताया कि अनिल अग्रवाल महादेव ऐप के कामकाज में अहम भूमिका निभाता था। उसका काम अलग-अलग पैनल चलाने वाले लोगों को मैनेज करना था। इसके अलावा उसने महादेव ऐप से जुड़ी कुछ संपत्तियों में भारत में निवेश भी किया था। जांच एजेंसी का आरोप है कि वह सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के करीबी सहयोगियों में शामिल था।
शादी के मेहमानों के लिए कराई थी फ्लाइट और होटल बुकिंग
दूसरे आरोपी विशाल आहूजा ने अपने भाई धीरज आहूजा के साथ रैपिड ट्रैवल्स नाम से कंपनी संचालित की थी। ईडी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर की दुबई में हुई करीब 200 करोड़ रुपए की भव्य शादी में सेलिब्रिटीज और अन्य मेहमानों के आने-जाने के लिए फ्लाइट टिकट, होटल बुकिंग और यात्रा से जुड़े इंतजाम इसी कंपनी के जरिए किए गए थे। इसके बदले कंपनी को भुगतान मिला था। ईडी इस रकम को अपराध से अर्जित आय (प्रोसीड्स ऑफ क्राइम) से जुड़ा मानकर जांच कर रही है।