जगदलपुर में विशाल मेगा मार्ट की पार्किंग में बुजुर्ग गार्ड के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली

Chhattisgarh Crimesजगदलपुर में विशाल मेगा मार्ट की पार्किंग में बुजुर्ग गार्ड के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर जमानतीय धाराओं के तहत कार्रवाई की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

पुलिस पीड़ित बुजुर्ग के बयान और CCTV फुटेज के आधार पर पूरी घटना की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी भाई हैं और जगदलपुर में हार्डवेयर का कारोबार करते हैं। यह मामला बोधघाट थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, वारदात 1 जुलाई की है। गार्ड नंद दुलाल डे विशाल मेगा मार्ट में पार्किंग साइड पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान पार्किंग को लेकर एक शख्स के साथ उनका विवाद हो गया। जिसके बाद आरोपी युवक ने पहले खुद मारा फिर अपने भाई को बुलाकर पिटवाया।

बुजुर्ग को इतना मारा गया वह बेहोश हो गए थे। ये पूरी वारदात विशाल मेगा मार्ट में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

हालांकि अगले दिन 2 जुलाई को CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। CCTV कैमरे की रिकॉर्डिंग देखकर उसकी वीडियो बना रही उनकी बेटी ज्योति डे भी रोने लगी। पुलिस ने इस मामले में एक्शन लिया। 2 जुलाई की शाम को पीड़ित नंददुलाल डे की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शुभम मोदी और आदित्य मोदी पर FIR दर्ज कर ली है।

बोधघाट थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के मुताबिक, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351, 115 सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल इस मामले में कोई काउंटर FIR दर्ज नहीं हुई है। सभी धाराएं जमानती हैं। CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर जांच की जा रही है।

अब जानिए क्या है पूरा मामला

यह मामला 1 जुलाई की शाम जगदलपुर के धरमपुरा स्थित विशाल मेगा मार्ट की पार्किंग का है। यहां ड्यूटी कर रहे बुजुर्ग गार्ड नंद दुलाल डे का एक युवक शुभम मोदी से पार्किंग को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के कुछ ही देर बाद युवक ने अपने एक रिश्तेदार को मौके पर बुलाया। इसके बाद दोनों ने मिलकर बुजुर्ग गार्ड के साथ जमकर मारपीट की।

CCTV फुटेज में आरोपियों को गार्ड को खींचते, जमीन पर पटकते और लात-घूंसों से मारते हुए का नजारा कैद हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, लेकिन तब तक गार्ड गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। मारपीट के बाद वे मौके पर ही बेहोश हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

बेटी बोली- समझौते का दबाव बनाया गया, लेकिन न्याय चाहिए

घटना के बाद पीड़ित की बेटी ज्योति डे ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया था कि उनके पिता केवल अपनी ड्यूटी कर रहे थे। इसके बावजूद उनके साथ बेहद बेरहमी से मारपीट की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद कुछ लोगों ने शिकायत वापस लेने और समझौता करने का दबाव भी बनाया था, लेकिन परिवार ने साफ कर दिया कि वे किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेंगे।

पुलिस जांच जारी

जगदलपुर CSP सुमित कुमार ने बताया कि घटना की जांच जारी है। पुलिस CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।