मुंगेली के लोरमी थाना क्षेत्र के नवलपुर स्थित महामाया गुड़ फैक्ट्री में हुई चोरी के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली

Chhattisgarh Crimesमुंगेली के लोरमी थाना क्षेत्र के नवलपुर स्थित महामाया गुड़ फैक्ट्री में हुई चोरी के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इससे पहले इस मामले में चार आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

पुलिस के अनुसार, 26 मई को नवलपुर निवासी हेमंत कुमार कश्यप ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 23-24 मई की रात उनकी बंद पड़ी महामाया गुड़ फैक्ट्री का ताला तोड़कर चोर चरखा मोटर, जूस मोटर, चैन कुप्पी ब्लॉक, स्टार्टर, इलेवन केवी लाइन डिस्क ग्रिफर समेत अन्य लोहे का सामान चोरी कर ले गए थे। चोरी गए सामान की कीमत करीब 66 हजार रुपए आंकी गई थी।

दूसरी बार भी फैक्ट्री को बनाया था निशाना

पहली वारदात के बाद 26 मई की रात चोरों ने फैक्ट्री में दोबारा चोरी की। जांच के दौरान पुलिस ने मनीष देवार, कन्हैया उर्फ बोदकू देवार, शंकर देवार और असगर खान को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से 28 हजार रुपए का चोरी का सामान, घटना में इस्तेमाल की गई दो बाइक और एक पिकअप वाहन समेत कुल 4.88 लाख रुपए का माल जब्त किया गया था। चारों आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।

मुखबिर की सूचना पर दबिश

पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर 3 जुलाई को पुलिस ने दबिश देकर बीनू देवार (24) और करमदाता देवार (30) निवासी देवारपारा, लोरमी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।