सरगुजा जिले में सांप के काटने से 3 लोगों की मौत हो गई

Chhattisgarh Crimesसरगुजा जिले में सांप के काटने से 3 लोगों की मौत हो गई। तीनों का अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज जारी था, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। मृतकों में दो सगे भाई और एक महिला शामिल हैं। इसमें दो भाइयों को गुरुवार रात बलरामपुर में करैत ने काट लिया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

वहीं, एक महिला जशपुर क्षेत्र में सर्पदंश का शिकार हुई थी, जिसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया था। बता दें कि 3 दिन पहले भी सांप के काटने से 3 लोगों की मौत हो गई थी। इस तरह सिर्फ 3 दिनों में सर्पदंश से कुल 6 लोगों की मौत हो चुकी है।

बलरामपुर जिले के पिपरसोत गांव में गुरुवार रात 9 साल का विकास नगेशिया और उसका 3 साल का भाई विक्रांत नगेशिया खाट पर सो रहे थे। करीब 11:30 बजे विकास को शरीर में कुछ काटने का एहसास हुआ, जिसके बाद उसकी नींद खुल गई और उसने शोर मचाया।

आवाज सुनकर घरवाले मौके पर पहुंचे तो खाट पर करैत सांप दिखाई दिया। घबराकर परिजन दोनों बच्चों को तुरंत पिपरसोत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उन्हें गंभीर हालत में अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।

अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान कुछ ही देर में विकास की मौत हो गई, जबकि छोटे भाई विक्रांत को ICU में रखा गया था। बाद में शाम करीब 4 बजे उसकी भी मौत हो गई।

जशपुर में सर्पदंश से महिला की मौत

जशपुर जिले के डोकड़ा गांव की रहने वाली 43 वर्षीय सेबेपितया को 30 जून की रात सांप ने डस लिया। वह उस समय चटाई बिछाकर जमीन पर सो रही थी। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो कमरे में करैत सांप दिखाई दिया।

इसके बाद महिला को तुरंत फरसाबहार अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।