
पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी महिला ममता चौहान और उसके बॉयफ्रेंड शीतल वर्मा को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के पास से चोरी की कैश और 2 मोबाइल बरामद किए गए हैं।
पुलिस की पूछताछ में जो वजह सामने आई, उसने पुलिस को भी चौंका दिया। ममता ने बताया कि उसके प्रेमी शीतल वर्मा को पैसों की जरूरत थी। उसी के कहने पर उसने चोरी की साजिश रची। शादी की भीड़-भाड़ के बीच अलमारी से कैश निकाल ली। पुलिस का कहना है कि चोरी के लिए प्रेमी ने ही उसे उकसाया था।
सूर्या विहार कॉलोनी जुनवानी निवासी रोहन कुखरानिया ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि साल 2024 में अपनी वृद्ध मां की देखभाल के लिए लाइफ होम केयर सर्विस के जरिए ममता चौहान को केयरटेकर रखा गया था।
मां के निधन के बाद भी ममता घर में रहकर घरेलू काम करती रही। करीब दो साल तक परिवार के साथ रहने के कारण उसे घर की पूरी व्यवस्था, अलमारी और उसमें रखे पैसों की जानकारी थी।
भतीजी की शादी में व्यस्त था परिवार
26 और 27 जून 2026 को घर में भतीजी की शादी थी। पूरा परिवार शादी के कार्यक्रम में व्यस्त था। इसी दौरान ममता ने मौका देखकर अलमारी में रखे 24 हजार रुपए निकाल लिए। चोरी के बाद वह बिना किसी को बताए घर छोड़कर चली गई। जब परिवार को पैसों की जरूरत पड़ी और अलमारी देखी गई तो कैश गायब मिली।
इसके बाद सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी महिला के मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच की। लोकेशन के आधार पर पुलिस रायपुर पहुंची, जहां ममता अपने प्रेमी शीतल वर्मा के साथ मिली। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पैसे और मोबाइल पुलिस ने किया जब्त
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 23 हजार 500 रुपए कैश और दो मोबाइल बरामद किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत 43 हजार 500 रुपए है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।