छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पति ने पहले कुल्हाड़ी से काटकर पत्नी की हत्या कर दी, फिर खुद फांसी लगाकर जान दे दी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पति ने पहले कुल्हाड़ी से काटकर पत्नी की हत्या कर दी, फिर खुद फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय दंपती के दो मासूम बच्चे घर के एक कमरे में बंद मिले। पुलिस को किराए के मकान से पति-पत्नी की लाश बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या के बाद आत्महत्या का माना जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान अशोक देवांगन (52) और उनकी पत्नी धनेश्वरी देवांगन (49) के रूप में हुई है। शनिवार सुबह घर के अंदर कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई।

सूचना मिलने पर पुलिस और मकान मालिक मौके पर पहुंचे। परिजनों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। एक कमरे में अशोक का शव फंदे से लटका मिला, जबकि धनेश्वरी का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था।

दूसरे कमरे में बंद मिले 2 मासूम बच्चे

घटना के दौरान दंपती के 2 बच्चे घर के दूसरे कमरे में बंद मिले। पुलिस ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद से बच्चे सहमे हुए हैं। पुलिस अब उनकी काउंसिलिंग कराने की तैयारी कर रही है, ताकि संवेदनशील तरीके से उनसे घटना से जुड़ी जानकारी ली जा सके। पुलिस को उम्मीद है कि बच्चों के बयान से घटना की परिस्थितियों को समझने में मदद मिल सकती है।

सब्जी बेचने का काम करता था मृतक, कई एंगल पर जांच

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अशोक देवांगन सब्जी बेचने का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से काम पर नहीं जा रहा था और अधिकतर समय घर पर ही रह रहा था। ऐसे में पुलिस आर्थिक तंगी, व्यवसाय में नुकसान, पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।