पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन पर शनिवार (4 जुलाई) को एक दर्दनाक हादसे में मालगाड़ी की चपेट में आने से एक अधेड़ की मौत हो गई

Chhattisgarh Crimesपेंड्रारोड रेलवे स्टेशन पर शनिवार (4 जुलाई) को एक दर्दनाक हादसे में मालगाड़ी की चपेट में आने से एक अधेड़ की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह खड़ी मालगाड़ी के नीचे से निकलकर पटरी पार करने की कोशिश कर रहा था। इसी बीच ट्रेन चल पड़ी और वह पहियों की चपेट में आ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों और रेलवे कर्मचारियों के मुताबिक, स्टेशन के ट्रैक पर एक मालगाड़ी खड़ी थी। करीब 55 वर्षीय व्यक्ति शॉर्टकट के लिए ट्रेन के नीचे से निकलकर दूसरी ओर जाने की कोशिश कर रहा था। तभी मालगाड़ी को सिग्नल मिल गया और वह चल पड़ी। व्यक्ति संभल नहीं सका और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे राजकीय पुलिस (जीआरपी) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अब तक नहीं हो सकी पहचान

पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 55 वर्ष है। हादसे के समय उसने नीले रंग के कपड़े पहन रखे थे। उसके पास से कोई मोबाइल, पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिले हैं, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।

लोगों से पहचान में सहयोग की अपील

जीआरपी ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि नीले कपड़े पहने इस हुलिये के किसी लापता व्यक्ति के बारे में जानकारी हो, तो पेंड्रारोड जीआरपी थाना से संपर्क कर सूचना दें।

Exit mobile version