
सूचना मिलने पर पुलिस FSL टीम के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पूछताछ में पता चला है कि पति किडनी की बीमारी से पीड़ित था, जबकि पत्नी सायटिका (कमर और पैर के दर्द) की समस्या से परेशान थी। फिलहाल, घटना के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है।
यह घटना कुरुद थाना क्षेत्र के बिरेतरा गांव की है। एक दिन पहले ही दुर्ग जिले के वैशाली नगर इलाके में भी पति-पत्नी अपने घर में मृत पाए गए थे। पहले कमरे में पत्नी का शव मिला, जबकि दूसरे कमरे में पति का शव नायलॉन की मोटी रस्सी से फांसी के फंदे पर लटका हुआ था।
अब जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, बिरेतरा गांव में नंदकुमार साहू (70) पत्नी सुशीला बाई साहू (65) और बेटे-बहू के साथ रहते थे। बेटे-बहू रविवार की शाम किसी निजी काम से बाहर गए हुए थे।
सोमवार को गांव की एक महिला किसी काम से बुजुर्ग दंपती के घर पहुंची। वहां उसने देखा कि घर के 2 अलग-अलग कमरों में नंदकुमार और सुशीला की लाश फंदे पर लटके हुए थे। उसने बताया कि पति नंदकुमार साहू का शव हॉल में पड़ा था, जबकि पत्नी सुशीला बाई साहू का शव एक कमरे में फंदे से लटका हुआ था।
महिला ने तुरंत इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।