छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला के लैलूंगा बाजार में रिटायर्ड शिक्षिका के गले का चैन किसी ने पार कर दिया। जिसके बाद घटना की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की और चैन स्नैचिंग व पाकेटमार गिरोह के 6 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उनके पास से 7 लाख की संपत्ति भ्ज्ञी जब्त की है। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक वार्ड क्रमांक 4 इमलीपारा की रहने वाली मरियम टोप्पो 67 साल जो कि सेवा निवृत्त शिक्षिका है।
उसने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि शनिवार को वह अपने पति के साथ लैलूंगा साप्ताहिक बाजार सब्जी खरीदने गई थी।
इसी दौरान पीछे से अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले में पहनी करीब एक तोला वजनी सोने की चैन झपटकर फरार होने का प्रयास किया। पीछे मुड़कर देखने पर उन्हें कुछ महिलाएं संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी।
गिरोह बनाकर बाजार-मेला में करते थे पाकेटमारी पूछताछ के दौरान पुलिस ने बाजार क्षेत्र से आरोपी दीपक गिरी 21 साल को हिरासत में लिया। दोनों आरोपियों से पुलिस ने पूछताछ की, तो खुलासा हुआ कि वे अपने परिवार की पांच महिला सदस्यों के साथ इको वाहन से जिला बलरामपुर के कुसमी क्षेत्र से लैलूंगा बाजार पहुंचे थे और संगठित गिरोह बनाकर ग्रामीण बाजारों व मेलों में पाकेटमारी और झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देते हैं।
घटना को अंजाम देकर जशपुर भागे आरोपी आरोपियों ने बताया कि वारदात के बाद गिरोह के अन्य सदस्य जशपुर जिले में अपने परिचितों के यहां शरण लेने के लिए चले गए हैं।
मामले को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह द्वारा तत्काल जशपुर, सरगुजा व बलरामपुर पुलिस से समन्वय स्थापित कर आरोपियों के संबंध में आवश्यक जानकारी साझा की गई।
जशपुर से आरोपियों को पकड़ा गया लैलूंगा पुलिस टीम ने देर रात जशपुर में दबिश देकर गिरोह की चार अन्य महिला सदस्यों रीला गिरी 28 साल, राजमोहनी उर्फ ठोली 45 साल, सोनम गिरी 20 साल और उर्मिला गिरी 27 साल सभी निवासी बगाड़ी राजपुर जिला बलरामपुर को हिरासत में लेकर थाना लाया गया। जहां पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया है।
सोने की चैन समेत 7 लाख की सपंत्ति जब्त आरोपियों के पास से पीड़िता की 18 ग्राम वजनी सोने की चैन लॉकेट समेत, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रुपये और घटना में प्रयुक्त इको वाहन कीमत लगभग 5 लाख रुपये व चार मोबाइल फोन समेत कुल लगभग 7 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई। पुलिस ने मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।