छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मोहर्रम की तैयारियों के दौरान कमेटी के सदस्यों के बीच विवाद हिंसक हो गया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मोहर्रम की तैयारियों के दौरान कमेटी के सदस्यों के बीच विवाद हिंसक हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक सदस्य ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में मोहम्मद इजहार के पेट और गाल पर गंभीर चोटें आई हैं।

मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है। सेक्टर-6ए मार्केट के पास सड़क नंबर 35/36 स्थित शेरे इस्लाम अखाड़ा इमामबाड़ा समिति में यह घटना हुई। जानकारी के अनुसार, समिति के सदस्य मोहम्मद इजहार और वसीम परवेज के बीच इमामबाड़ा (ताजिया रखने वाले चबूतरे) की पेंटिंग को लेकर विवाद हो गया।

जानकारी के अनुसार इमामबाड़े की पेंटिंग को लेकर दोनों पक्षों के बीच मतभेद था। आरोपी वसीम परवेज इमामबाड़े को लाइट ग्रीन रंग से पेंट करवाना चाहता था, जबकि मोहम्मद इजहार डार्क ग्रीन रंग कराने के पक्ष में था। इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ।

बताया जा रहा है कि रविवार को क्रिकेट खेलकर लौट रहे इजहार से इसी बात को लेकर वसीम परवेज की कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई।

पेट और गाल पर कटर से हमला, युवक को आए 17 टांके

रविवार 14 जून की सुबह करीब 9 बजे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर आरोपी वसीम परवेज ने मोहम्मद इजहार खान पर कटर (चाकू) से हमला कर दिया। हमले में इजहार के पेट और गाल पर गंभीर चोटें आईं।

घायल इजहार को तत्काल सुपेला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार, उसके शरीर पर गंभीर घाव होने के कारण 17 टांके लगाने पड़े। बाद में बेहतर इलाज के लिए उसे दुर्ग के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने दर्ज किया हत्या के प्रयास का मामला

घटना के बाद मोहम्मद इजहार खान की शिकायत पर भिलाई नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी वसीम परवेज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश की जा रही है।