बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-46 नयापारा गणेश नगर में मंगलवार सुबह युवक का खून से लथपथ शव मिला। गली के बीच शव पड़े होने की खबर मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर सिरगिट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान गणेश नगर निवासी इरफान बघीरा (26), पिता शेख खलील के रूप में हुई है। सुबह जब स्थानीय लोग घरों से बाहर निकले तो उन्होंने युवक का शव गली में पड़ा देखा। शव के पास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जांच के दौरान पुलिस को शव के पास सीमेंट के दो बड़े पोलनुमा पत्थर मिले हैं। शुरुआती जांच में आशंका है कि अज्ञात आरोपियों ने इन्हीं भारी पत्थरों से युवक पर हमला कर उसकी हत्या की है। युवक के कमर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं।
पुलिस का कहना है कि घटना देर रात की है या तड़के सुबह की, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा।
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी सिटी पंकज पटेल और सीएसपी निमितेश सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण सबूत एकत्र किए हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही मृतक के रिश्तेदारों, दोस्तों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर उसकी गतिविधियों और संभावित विवादों की जानकारी जुटाई जा रही है।
हत्या के कारणों की तलाश में जुटी पुलिस
जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के समय युवक किसके साथ था। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखकर पड़ताल कर रही है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।