छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिला अस्पताल में डिलीवरी से पहले गर्भवती महिला और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। परिवार वालों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया और CMHO ऑफिस के बाहर हंगामा कर दिया।
पति का आरोप है कि, इंजेक्शन लगाने के बाद महिला की तबीयत बिगड़ी और कुछ ही देर में मौत हो गई। जबकि डॉक्टर का कहना है कि, इंजेक्शन लगाने के बाद महिला को उल्टी हुई और सांस नली में फंसने के कारण मौत हुई है।
अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जांच की बात कही है। वहीं, रिश्तेदारों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं CMHO ने पोस्टमॉर्टम और मामले की जांच के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर दिया है।
सुबह एडमिट किए, दोपहर तक मौत
जानकारी के अनुसार, रामनगर गांव की रहने वाली पूजा मानिकपुरी (19) को लेबर पेन उठा। मंगलवार सुबह 9 बजे उसे जिला अस्पताल के मातृ-शिशु वार्ड में लाया गया था। डॉक्टरों ने डिलीवरी के लिए मंगलवार का डेट दिया था। ऑपरेशन की तैयारी चल रही थी। इसके बाद दोपहर तक महिला की मौत हो चुकी थी।
पति बोला- इंजेक्शन लगाने के बाद गई जान
महिला के पति सूरज मानिकपुरी का कहना है कि, बिना हमारी जानकारी के पत्नी को एक इंजेक्शन दिया गया था, जिसके बाद दोनों की मौत हुई है। डॉक्टर कह रहे थे कि, एंटीबायोटिक इंजेक्शन लगाए हैं।
कलेक्टर ऑफिस में शिकायत की गई है। 3 लोगों की टीम पोस्टमॉर्टम करेगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।