
दरअसल, रविवार सुबह 11:30 बजे कारोबारी अपनी स्कूटी में ज्वेलरी का बैग रखकर दुकान पहुंचा था। उसने बैग को स्कूटी के ऊपर रख दिया और ताला खोलने लगा। इस दौरान युवक पीछे से आया और बैग उठाकर फरार हो गया। पुलिस CCTV के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।
बैग में एक करोड़ की ज्वेलरी थी
अरुण देव सोनी की सीतापुर में नेशनल हाईवे-43 किनारे काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। रविवार सुबह वे घर से करीब 1 करोड़ के सोने-चांदी के जेवरात लेकर दुकान पहुंचे। उन्होंने बैग अपनी स्कूटी पर रखा और दुकान का ताला खोलने लगे।
स्कूटी से जेवरात का बैग उठाकर भागा युवक
इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और स्कूटी पर रखा जेवरात से भरा बैग उठाकर फरार हो गया। ताला खोलने के बाद जब अरुण देव सोनी स्कूटी के पास लौटे तो बैग गायब मिला। उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बैग का कोई सुराग नहीं मिला।
CCTV फुटेज में कैद हुआ संदिग्ध
बाद में आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज में एक युवक जेवरात से भरा बैग लेकर भागता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद घटना की सूचना तुरंत सीतापुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी युवक की पहचान कर तलाश में जुटी है। वहीं, दिनदहाड़े हुई इस उठाईगिरी की वारदात से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत है।