जगदलपुर की एक युवती से UP के युवक ने फेसबुक के जरिए दोस्ती की, युवती को प्रेमजाल में फंसाया फिर होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया

Chhattisgarh Crimesजगदलपुर की एक युवती से UP के युवक ने फेसबुक के जरिए दोस्ती की, युवती को प्रेमजाल में फंसाया फिर होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया। युवती की अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने लगा। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार था और मोबाइल बंद कर अपनी लोकेशन छिपाकर रह रहा था।

हालांकि, लगातार तलाशी के बाद बस्तर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर जगदलपुर लाया है। जहां से न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

होटल में बुलाकर बनाया अश्लील वीडियो, फिर कई बार किया दुष्कर्म

पुलिस के मुताबिक, युवती ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से उत्तर प्रदेश निवासी रवि कुमार राजभर (22) से हुई थी। दोनों के बीच रिश्ते गहरे होते गए। युवक युवती से मिलने जगदलपुर आया। इसके बाद शहर के एक होटल में बातचीत के बहाने ले जाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिया।

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता को कई बार शारीरिक शोषण का शिकार बनाया। जब युवती ने उससे मिलने से इनकार किया तो वह अश्लील वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देने लगा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 64(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घर पर नहीं मिलता था आरोपी, मुखबिर की मदद से पकड़ा गया

एसपी शलभ कुमार सिन्हा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम गठित कर उत्तर प्रदेश रवाना किया गया। जांच में पता चला कि आरोपी वारदात के बाद से अपने घर में स्थाई रूप से नहीं रह रहा था और लगातार बाहर आना-जाना कर रहा था।

पुलिस ने स्थानीय मुखबिर को सक्रिय कर रात में दबिश दी और मऊ जिले के नसीराबाद इलाके से आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके मोबाइल फोन से पीड़िता के अश्लील फोटो और वीडियो भी बरामद हुए, जिन्हें जब्त कर लिया गया। उसे ट्रांजिट रिमांड पर जगदलपुर लाकर जेल भेज दिया गया है।

Exit mobile version