दुर्ग जिले में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 3.19 लाख रुपए से अधिक की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 3.19 लाख रुपए से अधिक की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने पड़ोसी के बच्चों को सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर कई महीनों में किस्तों में रकम ली। नौकरी नहीं मिलने और पैसे वापस नहीं करने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।

मामला जामुल थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, अटल आवास जामुल निवासी लोमेश वासनिक (54) ने एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि पड़ोस में रहने वाले मनोज केशरवानी ने उनके बच्चों को सरकारी नौकरी दिलाने का दावा किया था। इस भरोसे में उन्होंने 17 अगस्त 2025 से 20 अप्रैल 2026 के बीच कैश और ऑनलाइन कुल 3 लाख 19 हजार 50 रुपए आरोपी को दिए।

पीड़ित का आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी लगातार नौकरी लगने का आश्वासन देता रहा। काफी समय बीतने के बावजूद न नियुक्ति हुई और न ही पैसे लौटाए गए। जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी हर बार बहाना बनाकर टालता रहा। बाद में वह घर पर भी नहीं मिला, जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस की मदद ली।

शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

शुरुआती जांच में शिकायत सही पाए जाने पर जामुल थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर निगरानी रखी गई। आखिरकार 28 जुलाई 2026 को पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी मनोज केशरवानी (57) को गिरफ्तार कर लिया। वह भिलाई के कैंप-2 स्थित शर्मा कॉलोनी, संतोषी पारा का निवासी है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।

पड़ोसी का भरोसा जीतकर की ठगी

जांच में सामने आया कि आरोपी सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों का विश्वास हासिल करता था। इसी तरह उसने पीड़ित से अलग-अलग समय पर नगद और ऑनलाइन माध्यम से रकम ली, लेकिन न नौकरी दिलाई और न ही पैसे लौटाए।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इसी तरह किसी अन्य व्यक्ति को भी अपना शिकार बनाया है या नहीं। मामले में दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version