जांजगीर सिटी कोतवाली पुलिस ने जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाले एक आदतन बदमाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी अपनी पहचान छिपाकर जांजगीर शहर में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, शांतनु शांडेय (40) निवासी ग्राम बिरगहनी, थाना बलौदा को जिला दंडाधिकारी ने मार्च 2026 में एक वर्ष के लिए जिला बदर किया था। आदेश के तहत उसके जांजगीर-चांपा, सक्ती, रायगढ़, कोरबा, बिलासपुर और बलौदाबाजार जिलों में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया था।
किराए के मकान में छिपकर रह रहा था
जिला बदर आदेश के बावजूद शांतनु शांडेय अपनी पहचान छिपाकर जांजगीर शहर में किराए का मकान लेकर रह रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस से किया विवाद
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम के साथ विवाद भी किया। इसके बाद उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
जिला बदर आदेश के उल्लंघन पर होगी अलग कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने के मामले में आरोपी के खिलाफ अलग से वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही ऐसे अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।