रायपुर नगर निगम ने एक ही दिन में 634 संपत्तियों से 1.33 करोड़ रुपए से ज्यादा का टैक्स वसूला। वहीं बकाया टैक्स नहीं चुकाने वालों पर कार्रवाई करते हुए जोन-6 की टीम ने चार आवासीय-सह-व्यावसायिक परिसरों को सील कर दिया। सीलबंदी के दौरान एक संपत्तिधारक ने मौके पर ही 33 हजार रुपए से अधिक का भुगतान कर दिया। 25 जून को 634 संपत्तियों से कुल 1 करोड़ 33 लाख 20 हजार 157 रुपए का राजस्व वसूला गया। जोनवार वसूली में जोन-10 सबसे आगे रहा, जहां 103 संपत्तियों से 22.11 लाख रुपए वसूले गए। वहीं जोन-7 ने 16.12 लाख रुपए, जोन-8 ने 13.51 लाख रुपए और जोन-2 ने 13.36 लाख रुपए की वसूली की। वसूली अभियान के दौरान जोन-6 राजस्व विभाग की टीम ने वार्ड-61 में बकाया संपत्तिकर जमा नहीं करने वाले चार आवासीय-सह-व्यावसायिक परिसरों को सील कर दिया। कार्रवाई शुरू होते ही एक संपत्तिधारक ने मौके पर 33,175 रुपए का पार्ट पेमेंट जमा कर दिया।
नगर निगम अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि बकायादारों के खिलाफ भी सीलबंदी और कुर्की जैसी कार्रवाई जारी रहेगी।
30 जून तक टैक्स भरने पर 6.25% की छूट
नगर निगम ने करदाताओं से अपील की है कि वे 30 जून तक अपना संपत्तिकर जमा कर विशेष छूट का लाभ उठाएं। निगम के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 का संपत्तिकर एकमुश्त जमा करने वाले नागरिकों को 6.25 प्रतिशत की छूट दी जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से टैक्स जमा किया जा सकता है। निगम का लक्ष्य अधिक से अधिक करदाताओं को समय पर भुगतान के लिए प्रेरित करना है, ताकि शहर के विकास कार्यों के लिए राजस्व बढ़ाया जा सके।
गौरतलब है कि इससे पहले 19 जून को भी निगम ने 525 संपत्तियों से 1 करोड़ 3 लाख 12 हजार 440 रुपए की वसूली की थी। लगातार दूसरे बड़े वसूली अभियान के साथ निगम अब 30 जून की अंतिम तारीख से पहले अधिक से अधिक राजस्व जुटाने की कोशिश में है।